Jamshedpur: राष्ट्रीय आतंकवाद विरोध दिवस एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य स्मृति में ग्रीन वर्ल्ड सोसायटी, जमशेदपुर द्वारा जमशेदपुर ब्लड बैंक, धतकीडीह में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में शहर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया. शिविर के दौरान कुल 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा.

बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने भाग लिया
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने भाग लिया तथा कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई. आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक लोगों को नया जीवन मिलता है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा.
ग्रीन वर्ल्ड सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि समाज में जागरूकता एवं मानवता की भावना को बढ़ावा मिल सके. रक्तदान शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से अखिलेश यादव, राम सिंह आनंद, भोला यादव, प्रियांशु सिंह, पप्पू सिंह, बबलू सिंह, धनु यादव की सार्थक भूमिका रही. रक्तदान शिविर में अतिथि के तौर पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह, राज किशोर यादव, अतुल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस के बीच डालसा पीएलवी ने ठंडा जल व ओआरएस पैकेट का किया वितरण
