Bihar: बिहार में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को लेकर कई बड़े फैसले लिए हैं. गया जिले के डोभी में विकसित हो रहे इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत जलाशय निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, सड़क और पुल जैसी अहम योजनाओं को मंजूरी दी गई है. इसे बिहार के लिए निवेश और रोजगार के नए अवसर खोलने वाला बड़ा कदम माना जा रहा है.

428 करोड़ से बनेगा जलाशय
डोभी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में उद्योगों की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए 8.5 एसीएम क्षमता वाले बड़े जलाशय का निर्माण किया जाएगा. इस योजना पर करीब 428 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके लिए 324 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है. शुरुआती चरण में प्रतिदिन 8.5 एमएलडी जलापूर्ति का लक्ष्य तय किया गया है.
सुरक्षा के लिए थाना और BMP कैंप
कॉरिडोर क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशासनिक ब्लॉक में एक समर्पित थाना बनाया जाएगा. वहीं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस BMP-17 का स्थायी कैंप भी स्थापित होगा. इसके लिए जमीन समतलीकरण का काम शुरू कर दिया गया है.
गृह विभाग को मिली 50 एकड़ जमीन
बिहार कैबिनेट ने BMP-17 के स्थायी कैंप निर्माण के लिए डोभी प्रखंड में 50 एकड़ सरकारी भूमि गृह विभाग को निशुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है. इससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
1670 एकड़ में विकसित होगा प्रोजेक्ट
अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए कुल 1670.22 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है. इसमें 636.88 एकड़ सरकारी और 1016.24 एकड़ निजी जमीन शामिल है. प्रशासन के अनुसार ज्यादातर भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण का काम पूरा हो चुका है.
Read Also: हाईकोर्ट करेगा जेल में बंद महिला कैदी से यौन शोषण मामले की मॉनिटरिंग, DGP से जवाब तलब
1800 पिलर से होगा सीमांकन
परियोजना क्षेत्र की सीमा तय करने के लिए 1800 पिलर लगाए जाएंगे. सीमांकन का काम तेजी से चल रहा है और इसके बाद बाउंड्री वॉल निर्माण शुरू किया जाएगा.
निलांजना नदी पर बनेगा फोरलेन पुल
कॉरिडोर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए निलांजना नदी पर फोरलेन पुल का निर्माण किया जाएगा. जीटी रोड से इंडस्ट्रियल पार्क तक एलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है. इस परियोजना पर करीब 113.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
प्रशासन का कहना है कि जमीन समतलीकरण पूरा होते ही पुल और सर्विस लेन निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा. सरकार और संबंधित एजेंसियां इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं.
