Ranchi: झारखंड में एड्स पीड़ित मरीजों की सेहत की निगरानी और जांच को अधिक सटीक व तेज बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक बड़ा सुरक्षा कवच तैयार कर रहा है. नेशनल एड्स कंट्रोल प्रोग्राम के तहत अब राज्य में एचआईवी-1 वायरल लोड टेस्टिंग के लिए एक अत्याधुनिक, तापमान-नियंत्रित लॉजिस्टिक्स सिस्टम स्थापित किया जाएगा.

झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी नामकुम ने इस हाई-टेक पहल का खाका तैयार किया है. अक्सर सुदूर ग्रामीण या दूरदराज के इलाकों से जांच केंद्रों तक जैविक नमूने लाते समय तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण उनकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा रहता है. इस समस्या को खत्म करने के लिए अब पूरे राज्य से नमूनों को एक निश्चित, नियंत्रित तापमान पर सुरक्षित रूप से लैब्स तक पहुंचाया जाएगा.
इस नई व्यवस्था से न सिर्फ जांच रिपोर्ट शत-प्रतिशत सटीक आएगी, बल्कि जांच की रफ्तार भी बढ़ेगी, जिससे मरीजों का सही समय पर इलाज शुरू हो सकेगा. स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक और लॉजिस्टिक्स का यह तालमेल झारखंड में एड्स नियंत्रण की दिशा में एक गेम-चेंजर साबित होने वाला है.
