Ranchi: राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ लालजी हिरजी रोड स्थित श्री राम कॉम्प्लेक्स के स्पोर्ट्स जंक्शन इंटरप्राइजेज शोरूम में खुद को इनकम टैक्स कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर बताने वाले बदमाशों ने हथियारबंद गनमैन के साथ घुसकर रंगदारी मांगी और धमकी दी. आरोपियों ने दुकान के मालिक, सह भूतपूर्व सैनिक नरेश प्रसाद मेहता को फर्जी केस में फंसाकर दुकान बंद करवाने की भी धमकी दी है. इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे और धमकी के बाद पीड़ित और उनका पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है. इस संबंध में कोतवाली थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है.

एसएसपी, डीसी या एसपी कोई नहीं बचा पाएगा
प्राथमिकी में नरेश प्रसाद मेहता ने बताया है कि बुधवार (20 मई) सुबह 11:00 बजे अपनी दुकान स्पोर्ट्स जंक्शन में मौजूद थे. इसी दौरान मित्तल भंडार का मालिक अपने साथ दो अन्य हथियारबंद साथियों के साथ धड़धड़ाते हुए दुकान के अंदर दाखिल हुआ. उनके साथ आए सुरक्षाकर्मी ने नीले रंग का सफारी सूट पहन रखा था और उसके कंधे पर दो नाली बंदूक टंगी हुई थी. दुकान में घुसते ही मुख्य आरोपी ने रौब झाड़ते हुए अपना परिचय आर.के. गर्ग, इनकम टैक्स कमिश्नर के रूप में दिया. उसने पूर्व सैनिक मेहता को डराते हुए कहा कि वह उनकी इनकम टैक्स फाइल खुलवा देगा और झूठा केस बनाकर दुकान बंद करवा देगा. बात न मानने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए आरोपी ने कहा, तुमको एसपी, एसएसपी और डीसी… कोई नहीं बचा सकता. हम पूंजीपति लोग हैं, तुम्हारे और तुम्हारे व्यापार के साथ कुछ भी कर सकते हैं.
Read Also: कोडरमा घाटी में दो कारों की आमने-सामने टक्कर, चार घायल
मकान मालिक के बेटे को भी फोन पर दी धमकी
बदमाशों का हौसला यहीं नहीं रुका. इसके ठीक बाद सुबह 11:30 बजे राहुल अग्रवाल (जो खुद को आर.के. गर्ग, असिस्टेंट कमिश्नर इनकम टैक्स बता रहा था) ने दुकान मालिक के बेटे सर्वेश बागला के मोबाइल नंबर पर फोन किया. फोन पर आरोपी ने धौंस जमाते हुए मामले को सेटलमेंट करने की बात कही और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.
मित्तल भंडार और राहुल अग्रवाल पर नामजद केस
पीड़ित पूर्व सैनिक नरेश प्रसाद मेहता ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि यदि भविष्य में उनके या उनके व्यापार के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो इसके पूर्ण जिम्मेदार मित्तल भंडार के मालिक राहुल अग्रवाल होंगे.
