Ranchi : झारखंड को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार 26 मई से 31 मई तक विशेष महाअभियान चलाने जा रही है. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत पूरे राज्य में यह अभियान संचालित होगा. इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और तंबाकू सेवन पर प्रभावी रोक लगाना है.

अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान को लेकर सभी सिविल सर्जन, जिला आयुष पदाधिकारियों और जिला नोडल अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है. विभाग का कहना है कि तंबाकू के कारण कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में इसे रोकना सरकार की प्राथमिकता है.
अभियान के दौरान की जाएगी कड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए कोटपा 2003 और ई-सिगरेट प्रतिबंध कानून पेसा 2019 के प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षण संस्थानों को बनाया जाएगा टोबैको फ्री
सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त परिसर घोषित किया जाएगा. सभी संस्थानों में अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों से लिखित घोषणा पत्र भी लिया जाएगा. युवाओं को जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग, पुलिस, परिवहन विभाग, एनएसएस और एनवाईकेएस जैसे संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया है.
राज्यभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
राज्यभर में साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण और क्विज प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान की प्रतिदिन रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि इसकी लगातार निगरानी की जा सके.
