Bandgaon: बंदगांव मुख्यालय स्थित प्रखंड सभागार एवं कराईकेला में जनगणना 2027 को लेकर बीडीओ भीषम कुमार ने जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया. मौके पर बीडीओ ने बताया कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, परिवार, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का संग्रह किया जाता है. जनगणना के आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जाते हैं.

आम लोगों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील
बीडीओ ने बताया कि जनगणना का प्रारंभिक कार्य वर्ष 2026 के अंतिम चरण से शुरू होकर वर्ष 2027 तक चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा. इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी संग्रहित करेंगे. सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही आम लोगों से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके. इस मौके पर मुखिया गीता बानरा, पंचायत समिति सदस्य तीरथ जामुदा, सदानंद होता, राकेश पहाड़ी, पवन कुमार, राजू कुमार समेत सभी प्रखंड कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: वर्षों की देरी पर लगा विराम, रांची विश्वविद्यालय ने खाली किया रिजल्ट बैकलॉग
