Ranchi: रांची विश्वविद्यालय में लंबे समय से चले आ रहे परीक्षा परिणामों के संकट पर आखिरकार विराम लग गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावा किया है कि अब किसी भी पाठ्यक्रम का रिजल्ट लंबित नहीं है. स्नातक से लेकर स्नातकोत्तर, प्रोफेशनल और स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों तक सभी लंबित परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए गए हैं. इससे हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिली है, जो महीनों से अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे.

रिजल्ट लंबित से विद्यार्थियों का करियर प्रभावित
पिछले कई वर्षों से विश्वविद्यालय सत्र में देरी, परीक्षा संचालन में अव्यवस्था और समय पर परिणाम प्रकाशित नहीं होने को लेकर लगातार सवालों के घेरे में रहा है. रिजल्ट लंबित रहने का सीधा असर विद्यार्थियों के करियर पर पड़ रहा था. कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं, नौकरी आवेदन और उच्च शिक्षा में दाखिले से वंचित हो रहे थे. छात्रों के विरोध और बढ़ते दबाव के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने लंबित मामलों को निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाया.
विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए परिणामों में बीए, बीएससी, बीकॉम, FYUGP, बीएड, एमएड, एलएलबी, एलएलएम, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं. इसके अलावा मेडिकल और संबद्ध विज्ञान संकाय के एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग समेत अन्य प्रोफेशनल कोर्सों के परिणाम भी प्रकाशित कर दिए गए हैं.
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता छात्रों का शैक्षणिक सत्र सामान्य करना था. उन्होंने माना कि बीते समय में परीक्षा और परिणामों में देरी के कारण विद्यार्थियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा. इसी को देखते हुए प्रशासन ने तेजी से काम करते हुए लंबित परिणामों का निष्पादन किया.
