बरवाडीह को मिली बड़ी सौगात: अब जंगल-पहाड़ों के बीच भी गूंजेगी विद्यालय की घंटी, रेलवे और केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच ऐतिहासिक अनुबंध पर हस्ताक्षर

Hazaribagh: दूरस्थ और शैक्षिक सुविधाओं से लंबे समय से वंचित रहे बरवाडीह क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया. पूर्व...

Kendriya Vidyalaya Sangathan
रेलवे और केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच ऐतिहासिक अनुबंध पर हस्ताक्षर

Hazaribagh: दूरस्थ और शैक्षिक सुविधाओं से लंबे समय से वंचित रहे बरवाडीह क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया. पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर कर बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया है. यह पहल न केवल रेलवे कर्मचारियों बल्कि आसपास के हजारों ग्रामीण परिवारों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए द्वार खोलेगी.

शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा केंद्रीय विद्यालय

रेलवे प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच हुए इस समझौते के बाद विद्यालय के संचालन, निर्माण और दीर्घकालिक विकास हेतु आवश्यक संस्थागत एवं प्रशासनिक प्रक्रिया औपचारिक रूप से स्थापित हो गई है. विद्यालय के स्थायी संचालन के लिए रेलवे की 9.686 एकड़ भूमि को 35 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराया गया है. सक्षम प्राधिकारी से इसकी मंजूरी पहले ही मिल चुकी है, जिससे अब स्थायी भवन निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है.

जल्द शुरू होंगी शैक्षणिक गतिविधियां

अनुबंध के बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन ने विद्यालय के संचालन की प्रक्रिया तेज कर दी है. संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही यहां पठन-पाठन शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को केंद्रीय शिक्षा प्रणाली का लाभ निकट भविष्य में ही मिलने लगेगा.

शुरुआती दौर में रेलवे भवन से चलेगा विद्यालय

स्थायी भवन बनने तक विद्यालय का संचालन रेलवे के उपलब्ध भवन में अस्थायी रूप से किया जाएगा. रेलवे प्रशासन द्वारा भवन में सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.

स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों में खुशी की लहर

बरवाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में इस घोषणा के बाद उत्साह का माहौल है. वर्षों से अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए दूर-दराज शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब क्षेत्र में ही केंद्रीय विद्यालय खुलने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ हो सकेगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह विद्यालय आने वाले वर्षों में पूरे इलाके की शैक्षणिक तस्वीर बदल देगा.

पूर्व मध्य रेल मुख्यालय की रही अहम भूमिका

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को साकार करने में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही. पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव के सतत मार्गदर्शन में धनबाद मंडल ने सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया. वहीं, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र के निर्देशन में यह अनुबंध सफलतापूर्वक संपन्न हो सका.

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार

धनबाद मंडल की यह पहल रेलवे कर्मचारियों के कल्याण के साथ-साथ सामाजिक विकास और शैक्षणिक उन्नयन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है. आने वाले समय में यह केंद्रीय विद्यालय बरवाडीह क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूरे इलाके के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा.

यह भी पढ़ें: बंदगांव एवं कराईकेला में जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच किट का वितरण

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *