Bermo: डीवीसी कोनार डैम परियोजना ने भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को विस्थापित गांव बड़की चिदरी स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान डीवीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने एक साथ मिलकर पूरे मंदिर परिसर की गहन साफ-सफाई की और समाज को स्वच्छता का एक सशक्त संदेश दिया. इस अभियान में गांव की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और भी अधिक सफल और प्रेरणादायक बन गया. मौके पर उपस्थित कोनार परियोजना के एचओपी राणा रणजीत सिंह ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार हम सभी को स्वच्छता एवं श्रमदान के प्रति सजग और जागरूक होना चाहिए. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि चिदरी गांव कोनार परियोजना का एक प्रमुख विस्थापित गांव है, इसलिए यहां एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

यह भी पढ़ें: रांची: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग अलर्ट, जून से शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान
दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाएं
उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाएं. अपने आसपास के परिवेश को साफ रखें और क्षेत्र को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपना योगदान दें. मौके पर डीवीसी प्रबंधन की ओर से डॉक्टर बीएन मंडल, वरीय प्रबंधक विशाल यादव, प्रबंधक चंदन कुमार, सुनील कुमार और राउत सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित थे. वहीं, ग्रामीणों की ओर से सोहन साव, धनेश्वर महतो, सिकंदर सहित भारी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष और डीवीसी कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पूरे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: आदिवासी समागम को लेकर कांग्रेस पर बरसे बाबूलाल मरांडी
