रातू रोड फ्लाइओवर के बावजूद लोगों को नहीं मिल रहा है जाम से निजात

Ranchi: राजधानी वासियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाइओवर) का निर्माण किया गया था. लेकिन...

Ranchi: राजधानी वासियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाइओवर) का निर्माण किया गया था. लेकिन इस मार्ग पर चलने वाले लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानियां और बढ़ गई हैं. हालात ऐसे हैं कि फ्लाइओवर के आसपास जाम की समस्या पहले से ज्यादा गंभीर होती जा रही है.

स्टेट बैंक से पुल तक 200 मीटर पहुंचने में लग रहे 25 मिनट

जाम की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय स्टेट बैंक से फ्लाइओवर के रैंप तक पहुंचने में चार पहिया वाहनों को 20 से 25 मिनट तक का समय लग रहा है. स्टेट बैंक से रैंप तक सड़क पर लंबी कतारें लग रही हैं. वहीं, अप्रोच रोड के रास्ते किशोरी यादव चौक तक पहुंचने की कोशिश करने वाले वाहन भी ऑटो और टोटो की वजह से रेंगते नजर आते हैं.

ऑटो चालकों ने फ्लाइओवर के आसपास बना दिया स्टैंड

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो चालकों ने फ्लाइओवर के आसपास के इलाके को अस्थायी स्टैंड बना लिया है. यहां से मांडर, रातू, पंडरा, रवि स्टील, कमड़े और अन्य क्षेत्रों के लिए खुलेआम सवारी बैठाई जा रही है. इतना ही नहीं, कुछ ठेला और खोमचा दुकानदार भी पुल से सटकर दुकान लगाने लगे हैं, जिससे सड़क और संकरी हो रही है तथा जाम की स्थिति और गंभीर बनती जा रही है.

Also ReadNewsWave Special: डिजिटल गवर्नेंस की रेस- सैल्यूट झारखंड, रफ्तार ऐसी कि देश के UP, महाराष्ट्र, बिहार जैसे राज्य रह गए पीछे

अप्रोच रोड पर भी ऑटो और टोटो वालों का कब्जा

रातू रोड जाने वाले अप्रोच रोड के किनारे भी ऑटो और टोटो चालकों का कब्जा बना हुआ है. ऑटो चालक रातू, मांडर और पिस्का मोड़ के लिए सवारी बैठाते हैं, जबकि टोटो चालक पिस्का मोड़ तक यात्रियों को ले जाते हैं. स्टेट बैंक से फ्लाइओवर रैंप तक एक पदाधिकारी समेत आठ पुलिसकर्मी तैनात हैं. इनमें चार होमगार्ड, दो जिला बल, एक जैप-वन की महिला पुलिसकर्मी और एक एएसआई शामिल हैं. इसके बावजूद जाम की समस्या बनी हुई है.

किशोरी यादव चौक पर ऑटो, टोटो और बसों का कब्जा

किशोरी यादव चौक पर ऑटो, टोटो और बसों की मनमानी से भी लोग परेशान हैं. यहां दो लाइनों में ऑटो और टोटो खड़े रहते हैं, जबकि बसें भी सड़क किनारे लगी रहती हैं. इससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है. रैंप के पास अप्रोच रोड से किशोरी यादव चौक तक महज 100 मीटर की दूरी तय करने में चार पहिया वाहनों को 20 से 25 मिनट लग रहे हैं. यहां दो होमगार्ड, एक जैप-10 महिला सिपाही और एक पदाधिकारी समेत चार पुलिसकर्मी तैनात हैं.

नागा बाबा खटाल में बना स्टैंड भी नहीं आया काम

जाम से राहत के लिए निगम की ओर से नागा बाबा खटाल में ऑटो-टोटो स्टैंड बनाया गया है. हालांकि ऑटो चालक वहां से सवारी नहीं बैठाते. चालकों का कहना है कि स्टैंड पर यात्री नहीं पहुंचते, इसलिए मजबूरी में उन्हें सड़क पर ही सवारी बैठानी पड़ती है. उनका कहना है कि यदि सड़क पर सवारी नहीं बैठाएंगे, तो रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा.

गोलचक्कर बनाने की उठी मांग

तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का कहना है कि कांके रोड और राजभवन की ओर से आने वाले वाहन फ्लाइओवर पर चढ़ते समय मनमाने तरीके से मुड़ते हैं. शाम के समय कोर्ट, बैंक और सीसीएल कर्मियों की छुट्टी होने के कारण वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. ट्रैफिक कर्मियों का सुझाव है कि रैंप से थोड़ा आगे गोलचक्कर बना दिया जाए, तो एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मदद से भी यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *