Ranchi: रांची के कोकर इलाके से लापता बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. 9 मई से गायब अदिति की तलाश में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है. इस मामले में पुलिस ने पहले 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी. अब इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है. बावजूद इसके बच्ची के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी है.

एनडीआरएफ ने फिलहाल रोका सर्च अभियान
कई दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी फिलहाल हाथ खड़े कर दिए हैं. दूसरी ओर पुलिस लगातार इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अदिति के परिजन भी थाना पहुंचकर पुलिस के साथ फुटेज देख रहे हैं, हालांकि अब तक किसी भी कैमरे में ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है. मामले को लेकर इलाके के लोगों में भी चिंता बनी हुई है. स्थानीय लोग लगातार बच्ची की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही मामले में कोई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है.
