Bihar: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मंगलवार शाम चुनाव प्रचार का शोर थमने के साथ ही निर्वाचन आयोग के नियम प्रभावी हो गए हैं. अब विधानसभा क्षेत्र में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल, जनसभा, रैली और चुनाव प्रचार से जुड़ी सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. अब 30 जुलाई को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
मतदाताओं की सुविधा के लिए जारी किया गया टोल फ्री नंबर
जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया है. इस नंबर पर कॉल कर मतदाता मतदान केंद्र, वोटर सूची और चुनाव से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, तो वह निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक को दिखाकर भी मतदान कर सकता है.
422 मतदान केंद्रों पर होगी लाइव वेबकास्टिंग
चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी 422 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी. जिला पदाधिकारी डॉ. कुंदन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मतदान के दिन प्रत्येक प्रत्याशी को केवल तीन वाहनों के इस्तेमाल की अनुमति होगी. इनमें एक वाहन प्रत्याशी के लिए और दो वाहन अधिकृत एजेंटों के लिए होंगे. प्रत्येक वाहन में अधिकतम पांच लोग ही यात्रा कर सकेंगे.
Read Also: सरायकेला : गम्हरिया स्टेशन के पास होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
बाहरी प्रचारकों को विधानसभा क्षेत्र छोड़ने के निर्देश
डीएम ने स्पष्ट किया कि जो स्टार प्रचारक, राजनीतिक कार्यकर्ता या चुनाव प्रचार से जुड़े लोग बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें मतदान से पहले क्षेत्र की सीमा से बाहर जाना होगा. जांच के दौरान ऐसे लोगों के पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. मतदाताओं को किसी भी तरह के प्रलोभन, दबाव या भय से मुक्त रखने के लिए सुरक्षा बल लगातार गश्त करेंगे.
14 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनात
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि उपचुनाव के लिए केंद्रीय पुलिस बल की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा बिहार पुलिस और सैप (SAP) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के अब तक पांच मामले दर्ज किए जा चुके हैं. जांच अभियान के दौरान चार हथियार और 21 कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चला रहा है.
करीब 3.79 लाख मतदाता करेंगे मतदान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला, 23 ट्रांसजेंडर और 14 ओवरसीज मतदाता शामिल हैं. सभी मतदाता 30 जुलाई को मैदान में उतरे 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे.
