राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर चमका हजारीबाग: ऑल इंडिया फाइड रेटिंग चेस टूर्नामेंट का भव्य समापन, झारखंड के अभिनव सिंह बने नेशनल चैंपियन

Hazaribagh: शिक्षा और संस्कृति की नगरी के रूप में विख्यात हजारीबाग शहर अब देश के भीतर बौद्धिक खेलों और राष्ट्रीय खेल आयोजनों...

Chess Tournament
ऑल इंडिया फाइड रेटिंग चेस टूर्नामेंट का भव्य समापन

Hazaribagh: शिक्षा और संस्कृति की नगरी के रूप में विख्यात हजारीबाग शहर अब देश के भीतर बौद्धिक खेलों और राष्ट्रीय खेल आयोजनों के एक बेहद बड़े और उभरते हुए मुख्य केंद्र के रूप में स्थापित हो गया है. हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन एवं ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन की आधिकारिक व अधिकृत अनुमति से आयोजित ‘एचडीसीए ऑल इंडिया फाइड रेटिंग क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का भव्य और ऐतिहासिक समापन रविवार, 24 मई 2026 को अभूतपूर्व उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.

कुल 668 दिग्गज प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

समूचे देश के कोने-कोने से आए प्रबुद्ध दिमागी जादूगरों के बीच चले इस नौ दिवसीय राष्ट्रीय शतरंज महाकुंभ में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, बेजोड़ रणनीतियों और मानसिक धैर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इस पूरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दोनों चरणों को मिलाकर कुल 668 दिग्गज प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पहले सत्र में 272 तथा दूसरे सत्र में 396 खिलाड़ियों ने भाग लेकर इस पूरे आयोजन को हजारीबाग के खेल इतिहास में हमेशा-अहमेशा के लिए यादगार बना दिया. प्रतियोगिता का यह दूसरा चरण विशेष रूप से 1800 से कम फाइड रेटिंग (अंडर-1800) वाले खिलाड़ियों के लिए समर्पित था, जिससे देश भर के उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को अपनी रेटिंग सुधारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का एक बड़ा मंच मिला.

नौवें राउंड की समाप्ति के बाद बंटी चमचमाती ट्रॉफियां

रविवार को अंतिम और नौवें राउंड की बेहद रोमांचक समाप्ति के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे हजारीबाग में एक भव्य समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. इस गौरवमयी समारोह में हजारीबाग बार एसोसिएशन के सचिव सुमन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. मुख्य अतिथि के साथ कार्यक्रम निदेशक करण जायसवाल, संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव मनमीत अकेला एवं आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने संयुक्त रूप से सभी विजेता खिलाड़ियों के बीच चमचमाती ट्रॉफियां और लाखों रुपए की कुल नकद पुरस्कार राशि का वितरण किया. इस कड़े मुकाबले में झारखंड के होनहार खिलाड़ी अभिनव सिंह ने अपने शातिर और आक्रामक खेल का लोहा मनवाते हुए कुल 9 राउंड में से रिकॉर्ड 8 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया और नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. चैंपियन अभिनव सिंह को मुख्य अतिथि द्वारा 50,000 रुपए का भव्य नकद पुरस्कार एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं एआईएम मनदीप मुखी ने 7½ अंकों के साथ पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 27,000 रुपए का नकद पुरस्कार जीता, जबकि पश्चिम बंगाल से आए संजीब माली ने तृतीय स्थान पर कब्जा जमाते हुए 15,000 रुपए का नकद पुरस्कार अपने नाम किया.

विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में इन खिलाड़ियों ने गाड़े सफलता के झंडे

मुख्य तालिका के अलावा इस महा-प्रतियोगिता में शीर्ष सात स्थानों में क्रमशः बुबाई चटर्जी चौथे, कृष्ण कुमार मल्ल पांचवें, निलांता चंदा छठे एवं अर्कप्रभा बनिक सातवें स्थान पर रहे, जिन्हें आकर्षक नकद पुरस्कारों से नवाजा गया. महिलाओं की ‘बेस्ट फीमेल’ श्रेणी में बिहार की अदीबा उल्लाह ने प्रथम, पश्चिम बंगाल की अनन्या सामंता ने द्वितीय तथा प्रेरणा घोष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए दी गई ‘बेस्ट हजारीबाग खिलाड़ी’ श्रेणी में पवन कुमार वर्मा को प्रथम, ऋषभ कुमार को द्वितीय एवं अयान उत्कर्ष को तृतीय स्थान का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया. वेटरन 55 वर्ष से अधिक के वर्ग में गौतम डे प्रथम, कुमार अस्विनी द्वितीय एवं सह अमोद कुमार तृतीय रहे.

इसके अतिरिक्त अंडर-15 बॉयज वर्ग में समनावय पाल प्रथम व अर्नब दत्ता द्वितीय और गर्ल्स वर्ग में अनिशा चक्रवर्ती प्रथम व राज मणि द्वितीय रहीं. अंडर-13 बॉयज में दिव्यांश बारिक प्रथम व एआईएम श्रेयान मुखर्जी द्वितीय और गर्ल्स में वन्या श्रीवास्तव प्रथम व मोहुलरेनु रॉय द्वितीय रहीं. अंडर-11 बॉयज में प्यांशु नाथ प्रथम व विवान बसाक द्वितीय और गर्ल्स में श्रेष्टा शर्मा प्रथम व नव्या जैन द्वितीय स्थान पर रहीं. अंडर-09 बॉयज वर्ग में शार्नव रॉय प्रथम व प्रखर सिंह द्वितीय और गर्ल्स वर्ग में साईआस्था सिंह प्रथम तथा स्वास्तिका प्रजापति द्वितीय रहीं. सबसे छोटे बच्चों के अंडर-07 बॉयज वर्ग में सर्वम समर्थ प्रथम व प्रियंश आद्विक द्वितीय और गर्ल्स वर्ग में स्वस्तिश्री सतपथी प्रथम एवं उर्वी रॉय द्वितीय स्थान पर रहीं. ग्रोइंग बॉयज श्रेणी में सन्निधान पाल प्रथम व तिर्थ राज द्वितीय तथा ग्रोइंग गर्ल्स में वेदांशी राणा प्रथम व प्रिशा शर्मा द्वितीय रहीं, जबकि खेल के प्रति गजब के जज्बे के लिए स्पेशल प्लेयर का पुरस्कार ईशान पाठक एवं अविका सिंह को प्रदान किया गया.

हजारीबाग के लिए गर्व का विषय है यह नेशनल आयोजन

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुमन कुमार सिंह ने कहा, कि हजारीबाग की पावन धरती पर राष्ट्रीय स्तर की इतनी बड़ी और पारदर्शी प्रतियोगिता का शत-प्रतिशत सफल आयोजन होना पूरे जिले और राज्य के लिए अत्यंत गौरव का विषय है. ऐसे बौद्धिक आयोजनों से न केवल हमारी युवा पीढ़ी मानसिक रूप से मजबूत होती है, बल्कि उनमें जीवन में आगे बढ़ने के लिए एक सकारात्मक और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की प्रेरणा मिलती है. कार्यक्रम के निदेशक करण जायसवाल और संघ के सचिव मनमीत अकेला ने संयुक्त रूप से कहा, कि हजारीबाग अब राष्ट्रीय शतरंज आयोजनों का एक बड़ा गढ़ बन चुका है और खिलाड़ियों व उनके साथ आए अभिभावकों के ऐतिहासिक उत्साह ने इस आयोजन को एक नई वैश्विक पहचान दी है. आने वाले समय में हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन इससे भी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट्स आयोजित करने का खाका तैयार कर रहा है. इस पूरी प्रतियोगिता के निष्पक्ष और निर्बाध सफल संचालन में मुख्य निर्णायक विशाल मिंज सहित उनके पूरे निर्णायक मंडल तथा एसोसिएशन के सह-सचिव बृजेश कुमार, सुमन जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजन शाह एवं कुश पांडे सहित पूरी आयोजन समिति का पसीना बहाने वाला योगदान बेहद सराहनीय और मील का पत्थर रहा.

यह भी पढ़ें: बेरमो एसडीपीओ ने किया नावाडीह थाना का निरीक्षण, बकरीद को लेकर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *