Bermo: बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने रविवार को नावाडीह थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाने के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की और थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी सहित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष व त्वरित गति से मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया. साथ ही बकरीद पर्व को लेकर थाना परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ एक शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने पर विचार-विमर्श किया गया.

असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का निर्देश
बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने कहा, कि आपसी भाईचारा और सौहार्द हमारी संस्कृति की पहचान है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए कहा, कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, सोशल मीडिया की कड़ाई से निगरानी करने और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही. एसडीपीओ ने नावाडीह पुलिस को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ाने और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क में रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी अपील की, कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति का माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. बाद में एसडीपीओ ने कसमार थाना अंतर्गत गरही में बकरीद को लेकर सदर शेरे आलम सहित मुस्लिम समुदाय के सभी लोगों के साथ बैठक की और बकरीद को आपसी प्रेम एवं भाईचारा के साथ मनाने की अपील की.
यह भी पढ़ें: चाईबासा में 8-9 अगस्त को राज्य योग चैंपियनशिप, आयोजन समिति गठित
