Koderma: सोमवार को डोमचांच बाजार स्थित मेहता भवन में युवा राष्ट्रीय जनता दल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता युवा राजद के जिलाध्यक्ष मनोज रजक ने जबकि संचालन उदय यादव ने किया. बैठक में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव एवं राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव मौजूद रहे. इस बैठक में आगामी 30 मई को डोमचांच में आयोजित होने वाले ‘युवा चौपाल’ की रूपरेखा, वर्तमान समय में पूंजीवादी नीतियों के कारण हाशिए पर धकेले जा रहे युवाओं के भीतर पनप रहे गहरे आक्रोश को राष्ट्रीय जनता दल की सामाजिक न्याय और ए-टू-जेड की विचारधारा से जोड़कर एक मजबूत राजनैतिक आवाज देने को लेकर चर्चा की गई. मौके पर मुख्य अतिथि और राजद के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के वैचारिक दर्शन को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की बुनियाद ही सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और वंचितों को उनका हक दिलाने पर टिकी है. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने हमेशा सिखाया है कि हक मांगा नहीं, छीना जाता है. आज जब देश का युवा बेरोजगारी और पेपर लीक से त्रस्त है, तब हमारे नेता तेजस्वी यादव ने देश के सामने ‘सच्चे राष्ट्रवाद’ की परिभाषा रखी है और वह परिभाषा है युवाओं को ‘कमाई, दवाई, पढ़ाई और कार्रवाई’ की गारंटी देना. असली राष्ट्रवाद युवाओं को रोजगार देना है, न कि उन्हें धर्म और नफरत के नाम पर बांटना.

यह भी पढ़ें: पाकुड़ पहुंचने पर पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का जोरदार स्वागत, विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान
सामाजिक न्याय और ‘सच्चे राष्ट्रवाद’ से ही युवाओं का उत्थान संभव
उन्होंने सरकार की दमनकारी नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि आज नौकरियों का निजीकरण करके बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के दिए आरक्षण को पिछले दरवाजे से खत्म करने की साजिश हो रही है. पूंजीपतियों की पोषक यह सरकार युवाओं को केवल ‘वोट बैंक’ समझती है. लेकिन राजद का युवा अब जाग चुका है. वह नौकरियों में हिस्सेदारी, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और अपने आत्मसम्मान के लिए मजबूती से लड़ेगा. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और ‘सच्चे राष्ट्रवाद’ से ही युवाओं का उत्थान संभव है. वर्तमान हालात में लालू-तेजस्वी की विचारधारा ही युवाओं का संबल है. हकों की लड़ाई के लिए डोमचांच में ‘युवा चौपाल” युवाओं की भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया. वहीं राजद जिलाध्यक्ष महेन्द्र यादव ने कहा कि आज देश की संपत्तियां चंद उद्योगपतियों के हाथों में बेची जा रही हैं. राजद हर उस नौजवान के साथ खड़ा है जो इस व्यवस्था की मार झेल रहा है. हमारी पार्टी जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर वर्ग के युवा को उसका वाजिब हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. युवा राजद के जिलाध्यक्ष मनोज रजक ने कहा कि 30 मई को डोमचांच की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित होने वाला ‘युवा चौपाल’ केवल एक राजनैतिक सभा नहीं, बल्कि पूंजीवादी ताकतों के खिलाफ युवाओं के हक का शंखनाद होगा. इस चौपाल के माध्यम से हम लालू-तेजस्वी के संदेश को हर घर तक पहुंचाएंगे और युवाओं को उनकी असली ताकत का अहसास कराएंगे.
यह भी पढ़ें: धोधी अहार के जीर्णोद्धार कार्य के शिलान्यास शिलापट्ट में मुख्यमंत्री का नाम अंकित नहीं रहने से झामुमो में आक्रोश
मौके पर ये रहे मौजूद
इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय युवा व युवा राजद के सक्रिय कार्यकर्ताओ ने गगनभेदी नारों के साथ डोमचांच में आयोजित होने वाले ‘युवा चौपाल’ को सफल बनाने का संकल्प लिया गया. मौके पर प्रखण्ड अध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद, नगर अध्यक्ष संतोष चन्द्र वंशी, मो इकबाल,परवेज खान, अशोक दास, अशोक यादव, रघु कुमार, सचिन्द्र राणा, मो. मुबारक आदि ने भी बैठक को संबोधित किया. बैठक में सुबोध यादव, अनिल राम, सुजीत राम, मुकेश पासवान, बबलू कुमार सिंह, राजरंजन सिंह, कुलदीप यादव, रौशन कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, वीरेंद्र यादव, रामचंद्र यादव, प्रिंस यादव, सुधीर यादव, बंटी कुमार, पवन भगत, नीरज कुमार समेत कई लोग मौजूद थे.
