Koderma: मरकच्चो प्रखण्ड के अंतर्गत मुर्कमनाय पंचायत में जल संसाधन लघु सिंचाई विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 25 लाख के लागत से बन रहे धोधी अहार के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया गया. लेकिन इस दौरान लगाये गये शिलापट्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम अंकित नहीं रहने पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिवाकर तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता तालाब पहुंचे और जनकर इसका विरोध किया. उन्होंने कहा कि अगर दो दिनों के अंदर शिलापट्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम अंकित नहीं किया गया, तो हमलोग सभी कार्यकर्ता तालाब गहरीकरण का कार्य रोक देंगे.

मुख्यमंत्री का नाम साजिश के तहत कर दिया गया गायब
प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि तालाब गहरीकरण राज्य सरकार द्वारा कराया जा रहा है. शीलपट्ट में सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक डॉ. नीरा यादव, जिप अध्यक्ष रामधन यादव का नाम अंकित है, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री का नाम साजिश के तहत राजनितिक द्वेष के कारण गायब कर दिया गया है, जो सरासर गलत है. मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष मो खलील, पूर्व युवा अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा के अफजल मियां, बुद्धिजीवी मोर्चा के सुरेश साव, सुरेन्द्र वर्मा, मकसूद अंसारी, एतवारी साव, मनोज साव आदि मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा पुलिस ने शातिर बाइक चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की गई बाइक भी बरामद
