Giridih : जिला के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरीयोडीह में जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. मोईन अंसारी ने प्रशासन को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके दादा स्वर्गीय हरि मियां ने साल 1958 में खरीदी गई जमीन पर कुछ लोग जबरन मकान निर्माण कर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं.
आवेदन में मोईन अंसारी ने बताया कि खाता नंबर 293, प्लॉट नंबर 2977, रकवा 60 डिसमिल जमीन उनके दादा स्वर्गीय हरि मियां के नाम से केवाला नंबर 4654, अप्रैल 1958 के माध्यम से खरीदी गई थी. उनका कहना है कि तब से उनका परिवार उक्त जमीन पर दखल-कब्जे में है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2013 में भी इस जमीन को लेकर विवाद हुआ था. जिसकी शिकायत उपायुक्त कार्यालय में की गई थी. मामले की जांच के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा कथित रूप से यह पाया गया था कि जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का प्रयास किया गया, हालांकि कब्जा नहीं लिया जा सका था.

मोईन अंसारी ने आरोप लगाया है कि अताउल रहमान, सीराज अंसारी, हीना प्रवीण और सिकंदर अंसारी समेत अन्य लोग जबरन जमीन पर मकान निर्माण और घेराबंदी कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से अवैध कब्जा रोकने और संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दूसरे पक्ष ने आरोप को बताया निराधार

वहीं दूसरे पक्ष के अताउल रहमान ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि मोईन अंसारी और उनकी मां ने स्वयं उक्त जमीन सदामंदी विजय सिन्हा एवं उनके सहयोगियों को एग्रीमेंट के माध्यम से दी गई है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं.
फिलहाल इस विवाद को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने निर्माण कार्य फिलहाल रुकवा दिया है तथा दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : झारखंड में गर्मी का कहर, कई जिलों में हीट वेव तो कहीं आंधी-बिजली का अलर्ट
