Ranchi: झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है. राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है.

26 मई का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा में कहीं-कहीं हीट वेव चलने की संभावना है. वहीं धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा समेत उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. इसके अलावा राजधानी रांची सहित खूंटी, गुमला और रामगढ़ जैसे दक्षिणी व मध्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है.
27 मई को भी गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि 27 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. दूसरी ओर गढ़वा और पलामू जिलों में लू चलने की संभावना बनी हुई है.
Read Also: भीषण गर्मी में आमजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी: उपायुक्त
29 मई से बदल सकता है मौसम
राज्य में 28 मई तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है. लेकिन 29 और 30 मई से मौसम करवट ले सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कई इलाकों में बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
