धनबाद में सांप्रदायिक तनाव और गिरिडीह में पुलिस-पब्लिक भिड़ंत

धनबाद/ गिरिडीह: झारखंड के अलग-अलग जिलों से तनाव और झड़प की खबरें सामने आई हैं.धनबाद में जहां दो समुदायों के बीच मामूली...

धनबाद/ गिरिडीह: झारखंड के अलग-अलग जिलों से तनाव और झड़प की खबरें सामने आई हैं.धनबाद में जहां दो समुदायों के बीच मामूली विवाद के वजह से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए माहौल को नियंत्रण में कर लिया. वहीं गिरिडीह में होली के उल्लास के बीच पुलिस और ग्रामीणों की भिड़ंत ने त्योहार का रंग फीका कर दिया. यहां दोनों घटनाओं का विस्तृत विवरण दिया गया है.

Also Read : नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा पर सियासत गरम, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की नसीहत

धनबाद के पंडारपाला में दो समुदायों के बीच विवाद, पुलिस की सक्रियता से टली बड़ी अनहोनी:

धनबाद जिले के भूली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पंडारपाला में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो समुदायों के कुछ युवक आपस में भिड़ गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी. हालांकि, दोनों पक्षों के बीच पुराने मतभेदों की वजह से बहस ने जल्दी ही उग्र रूप ले लिया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए भूली ओपी और वरीय पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया और स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया. इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. समय पर हस्तक्षेप न होता तो मामला हिंसक हो सकता था. फिलहाल, गश्ती बढ़ा दी गई है और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

Also Read : झारखंड में खूनी होली: सात जिले में फायरिंग, हत्या, हादसे और आत्महत्या की वारदातों से 11 लोगों की हुई मौत

गिरिडीह में होली के दौरान पुलिस और ग्रामीणों में झड़प:

गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित हरिजन टोला में होली का जश्न उस समय मातम और आक्रोश में बदल गया, जब पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई. जानकारी के मुताबिक, मोहल्ले के लोग सड़क पर एक साथ होली खेल रहे थे. गश्ती पर निकली नगर थाना पुलिस ने सड़क जाम होने का हवाला देते हुए लोगों को घरों के पास जाकर त्योहार मनाने की हिदायत दी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो हाथापाई में बदल गई.इस झड़प में एक गर्भवती महिला समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं. पुलिस का कहना है कि होली खेलते समय एक बाइक चालक तेज आवाज और रफ्तार के साथ बाइक चला रहा था. बाइक पकड़ने के दौरान कुछ लोग थाने पहुंचे और इसी बीच स्थिति बिगड़ गई. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी प्रकार की मारपीट या लाठीचार्ज नहीं किया गया. यह भी स्पष्ट किया गया कि होली बाहर खेलने पर कोई रोक नहीं लगाई गई थी.फिलहाल पूरे मामले की जांच जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *