Bokaro: बोकारो जिले में चर्चित ट्रेजरी घोटाले का असर अब शिक्षकों के वेतन पर भी साफ नजर आ रहा है. तीन महीनों से शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है. इसे लेकर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने बताया कि उन्हें तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. घर-परिवार की अतिआवश्यक चीजों की पूर्ति करना मुश्किल हो रहा है. यहां तक कि खाने-पीने की व्यवस्था भी चरमराने लगी है. बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि वे ट्यूशन फीस और स्कूल शुल्क तक जमा नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में जनगणना जैसे सरकारी कार्यों को करना भी उनके लिए कठिन होता जा रहा है.

यह भी पढ़ें: सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, गये जेल
डीसी ने जल्द वेतन भुगतान का दिया भरोसा
शिक्षकों का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी उपायुक्त से शिकायत की गई थी. उस समय उन्हें जल्द वेतन भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. शिक्षकों ने कहा कि जिस विभाग में ट्रेजरी घोटाले की बात सामने आई है, वहां के कर्मचारियों को वेतन मिल रहा है, जबकि शिक्षकों को इससे वंचित रखा गया है, जो चिंताजनक है. धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने उपायुक्त से मुलाकात की, जहां उन्हें पुनः आश्वासन मिला कि जल्द ही उनका बकाया वेतन जारी कर दिया जाएगा.
