रांची में दो मासूम बच्चों के गायब होने से सनसनी, पटेल नगर से रेलवे स्टेशन तक खंगाल रही पुलिस

Ranchi: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित पटेल नगर से दो मासूम बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया...

Ranchi: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित पटेल नगर से दो मासूम बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है. पटेल नगर निवासी चिरंजीव महतो के छह वर्षीय बेटे युवांश उर्फ तूफान और 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी 25 मई की दोपहर करीब एक बजे के बाद से गायब हैं. मामले में 26 मई को बच्चों के पिता ने जगन्नाथपुर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है.

सूचना देने की अपील

परिजनों ने बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है. जानकारी मिलने पर पिता चिरंजीव महतो के मोबाइल नंबर 9572650742 और जगन्नाथपुर थाना के नंबर 9431706169 पर संपर्क किया जा सकता है. परिजनों का कहना है कि एक छोटी सी सूचना भी बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है.

युवांश को लोग ‘तूफान’ नाम से बुलाते हैं

मोहल्ले और झोपड़ी मार्केट के आसपास के लोग युवांश को प्यार से ‘तूफान’ कहकर बुलाते हैं. पिता ने बताया कि युवांश को खाने-पीने की चीजों का काफी शौक है और वह अक्सर चाउमिन, फुचका समेत अन्य चीजें खरीदकर खाता था.

रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगने से बढ़ी चिंता

पिता ने बताया कि एक मई को घर के पास खेलते समय एक कुत्ते ने युवांश को काट लिया था, जिसके बाद उसे रेबीज का टीका लगाया जा रहा है. एक, चार और आठ मई को इंजेक्शन लग चुका है, जबकि अगला टीका 29 मई को लगना है. परिजनों को डर है कि समय पर टीका नहीं लगने से बच्चे की जान को खतरा हो सकता है.

Read Also: भीषण गर्मी के बीच राहत के आसार, झारखंड के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

सीसीटीवी फुटेज में दिखे दोनों बच्चे

जांच के दौरान घर से करीब 800 मीटर दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दोनों बच्चे दिखाई दिए हैं. पुलिस ने रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं. वहीं, झोपड़ी मार्केट के पास एक दुकानदार ने बताया कि तीन बच्चे एक दुकान में फुचका खाते हुए दिखे थे, जिसके बाद वे वहां से चले गए.

गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बच्चों के पिता चिरंजीव महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा के रहने वाले हैं और पिछले 10 वर्षों से रांची में रह रहे हैं. वह सुधा डेयरी में ऑपरेटर का काम करते हैं. पिछले तीन वर्षों से परिवार सेक्टर-1 के पटेल नगर में एक छोटे से एसबेस्टस वाले मकान में रह रहा है. आर्थिक रूप से कमजोर यह परिवार किसी तरह अपना गुजारा करता है.

सब्जी बेचकर परिवार चलाती हैं मां

बच्चों की मां रूपाली खलखो सब्जी बेचकर परिवार चलाने में पति का सहयोग करती हैं. वह गुरुवार और रविवार को सेक्टर-2 में तथा अन्य दिनों में झोपड़ी मार्केट और पंचमुखी बाजार में सब्जी की दुकान लगाती हैं. दोनों लापता बच्चे धुर्वा स्थित गायत्री मंदिर स्कूल में पढ़ते हैं. युवांश पहली कक्षा और रोशनी तीसरी कक्षा की छात्रा है. परिवार में एक और छोटा बेटा है, जो फिलहाल मां के साथ रह रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *