Newswave Desk: एयर इंडिया ने जून से अगस्त 2026 के बीच कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानों में अस्थायी कटौती करने का फैसला लिया है. एयरलाइन ने कहा है कि हालात सामान्य होते ही सेवाएं फिर से बहाल कर दी जाएंगी. एयर इंडिया के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर पहले से जारी बदलावों के बाद अब कुछ घरेलू रूट्स पर भी उड़ानों की संख्या घटाई गई है. कंपनी का कहना है कि ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों और ऑपरेशन लागत में इजाफे की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है.

जानिए किस रूट में कितनी उड़ानों की कटौती हुई
घरेलू रूट्स की बात करें तो दिल्ली-मुंबई रूट पर साप्ताहिक उड़ानें 176 से घटाकर 165 कर दी गई हैं. वहीं मुंबई-कोलकाता रूट पर 42 की जगह अब 30 फ्लाइट्स संचालित होंगी. दिल्ली-गोवा रूट पर भी उड़ानों में बड़ी कटौती की गई है. इसके अलावा दिल्ली-बेंगलुरु, दिल्ली-कोलकाता, मुंबई-बेंगलुरु और मुंबई-हैदराबाद जैसे व्यस्त रूट्स पर भी फ्लाइट्स कम कर दी गई हैं.
दिल्ली-इंदौर रूट की साप्ताहिक उड़ानें 21 से घटाकर 14 कर दी गई हैं, जबकि बेंगलुरु-चंडीगढ़ रूट पर अब सिर्फ 7 उड़ानें ही संचालित होंगी. वहीं दिल्ली-काठमांडू रूट पर जून में 42 से घटाकर 28 और जुलाई-अगस्त में सिर्फ 21 साप्ताहिक उड़ानें रह जाएंगी.
इससे पहले एयर इंडिया अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी बड़ा बदलाव कर चुकी है. दिल्ली-शंघाई की उड़ान पूरी तरह बंद कर दी गई है. दिल्ली-सिंगापुर, मुंबई-सिंगापुर, दिल्ली-बैंकॉक और दिल्ली-कुआलालंपुर रूट्स पर भी फ्लाइट्स की संख्या घटाई गई है. वहीं दिल्ली-पेरिस रूट पर दो दैनिक उड़ानों को घटाकर एक कर दिया गया है और दिल्ली-शिकागो सेवा फिलहाल बंद कर दी गई है. लंदन, फ्रैंकफर्ट और न्यूयॉर्क जैसे लंबे रूट्स पर भी 15 से 30 प्रतिशत तक कटौती की गई है.
जानिए उड़ानों की कटौती की वजह
एयरलाइन ने अपने बयान में ईंधन की बढ़ती कीमतों को प्रमुख वजह बताया है, लेकिन इसके पीछे वैश्विक हालात भी अहम माने जा रहे हैं. मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण एयरलाइंस को ईरान, इराक और इजराइल के एयरस्पेस से बचकर उड़ान भरनी पड़ रही है, जिससे उड़ानों का समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं. वहीं पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय एयरलाइंस के लिए बंद होने से यूरोप और अमेरिका जाने वाली उड़ानों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है.
हालांकि एयर इंडिया ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट, मुफ्त री-शेड्यूलिंग या पूरा रिफंड दिया जाएगा. एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति ऐप और वेबसाइट पर नियमित रूप से चेक करते रहें. साथ ही कंपनी ने सोशल मीडिया पर चल रही सभी उड़ानें बंद होने की खबरों को पूरी तरह गलत बताया है.
ALSO READ: गिरिडीह : नगद छीन कर हाईवा चालक पर जानलेवा हमला, शिकायत दर्ज
