Pakur: बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए आमलोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पाकुड़ कोर्ट परिसर के मुख्य द्वार पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है. झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय ने व्यवहार न्यायालय के मुख्य द्वार पर प्याऊ का उद्घाटन किया. कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ और लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.

भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने की पहल
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडेय ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्याऊ की आवश्यकता महसूस की गई. इसका उद्देश्य अधिवक्ताओं, राहगीरों, मजदूरों और आमलोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से शीतल जल की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपनी प्यास बुझा सकें और लू से बचाव कर सकें.
आमजनों को पिलाया शीतल जल और ORS
इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय ने अपने हाथों से आमजनों, अधिवक्ताओं और राहगीरों को शीतल जल, फ्रूटी, शरबत और ओआरएस पिलाया. उमस भरी गर्मी के बीच प्याऊ राहत शिविर शुरू होने से कोर्ट आने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
कार्यक्रम में कई न्यायिक पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार, क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल, बैंक प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास, बार एसोसिएशन के सचिव दीपक ओझा, लायंस क्लब के सदस्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्ता, मेडिएटर, पैनल अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स समिति सहित अन्य लोग मौजूद थे.
