Giridih : जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत चकटांड़ गांव में एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना भाजपा कार्यालय के समीप रेलवे पटरी पर हुई, जहां युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे पटरी के किनारे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पचम्बा थाना पुलिस को दी गई. शुरुआती समय में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी चिंतित और हैरान थे.

सुंदरटांड़ के मोहम्मद इरफान अंसारी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पचम्बा थाना पुलिस
सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया. जांच के दौरान युवक की पहचान सुंदरटांड़ गांव निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद इरफान अंसारी, पिता इसराइल अंसारी के रूप में हुई. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इरफान अंसारी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, इसलिए उनकी अचानक मौत से गांव के लोग भी सदमे में हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. मामले की जांच जारी है.
Also Read : आधी आबादी को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म, सीएम हेमंत सोरेन ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा कर दिए कई निर्देश
