Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में गिरिडीह जिले में आगामी जनगणना कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में जिले के सभी चार्ज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), बड़की सरैया नगर पंचायत एवं धनवार नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना था.

किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण, आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है. ऐसे में इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी.
निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए. उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां सुनिश्चित करें. बैठक में चार्ज क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, कर्मियों के प्रशिक्षण, डाटा संकलन प्रक्रिया तथा क्षेत्रीय स्तर पर आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने का निर्देश
वीसी के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्य के प्रति आम लोगों को भी जागरूक करना बेहद आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया, कि लोगों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा, संसाधन की कमी या क्षेत्रीय समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके.
बैठक में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए. उपायुक्त ने नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करें ताकि जिले में जनगणना प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरी हो सके.
यह भी पढ़ें: चार नोटिस के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से हटाई गई अवैध बाउंड्री वॉल
