रांची: नशे में टोटो चालक ने सिग्नल तोड़ ट्रैफिक पोस्ट को मारी टक्कर, पुलिसकर्मियों से बदतमीजी

महिला पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार करते हुए सहयोगी पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा नशे में धुत्त टोटो चालक का लालपुर चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा...

  • महिला पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार करते हुए सहयोगी पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा
  • नशे में धुत्त टोटो चालक का लालपुर चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा

Ranchi: राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, लालपुर चौक पर मंगलवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत्त एक टोटो चालक ने न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि ऑन-ड्यूटी महिला पुलिसकर्मी समेत दो ट्रैफिक जवानों के साथ सरेआम दुर्व्यवहार और मारपीट की. गनीमत रही कि बेकाबू टोटो सीधे ट्रैफिक पोस्ट से जा टकराया. वरना सड़क पार कर रहे कई राहगीर इसकी चपेट में आ सकते थे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक राकेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें:

तेज रफ्तार में था टोटो, ट्रैफिक पोस्ट से टकराया

घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है. लालपुर चौक पर तैनात महिला आरक्षी कमला कुमारी अपनी ड्यूटी पर थीं. इसी दौरान कोकर की तरफ से आ रहे एक टोटो (JH01GC-9806) के चालक ने बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से आते हुए रेड सिग्नल तोड़ दिया. जब तक महिला आरक्षी उसे रुकने का इशारा करती, तब तक बेकाबू टोटो ने सीधे ट्रैफिक पोस्ट को जोरदार टक्कर मार दी. इससे पोस्ट क्षतिग्रस्त हो गया.

वर्दी उतरवाने की धमकी और पुलिसकर्मी से मारपीट

टक्कर के बाद जब महिला पुलिसकर्मी चालक के पास पहुंचीं और गाड़ी को साइड करने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार पर उतारू हो गया. बीच-बचाव करने आए उनके सहयोगी जवान पंचानन्द रवानी ने जब चालक को समझाने की कोशिश की, तो आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

‘तुम लोगों को देख लेंगे’

चिल्लाते हुए आरोपी ने दोनों जवानों को सरेआम वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली. इतने से भी मन नहीं भरा तो उसने जवान पंचानन्द रवानी का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे जवान के दाहिने घुटने में गंभीर चोट आई है.

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में तीन दर्दनाक घटनाओं से मातम, अलग-अलग हादसों में एक युवक और दो मासूमों की गई जान

मुंह से आ रही थी शराब की बदबू, मेडिकल टेस्ट के नाम पर किया बवाल

हंगामे के दौरान आरोपी के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी और वह पूरी तरह नशे में धुत्त था. जब पुलिसकर्मी उसे एल्कोहल टेस्ट के लिए लालपुर थाना ले जाने लगे, तो उसने बीच सड़क पर ज़ोर-जोर से चिल्लाकर भारी हंगामा खड़ा कर दिया. हंगामा के कारण काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. अंततः अन्य सहयोगियों की मदद से पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर थाने लायी. आरोपी टोटो चालक राकेश कुमार महतो प्रोफेसर कॉलोनी, करमटोली में रहता है. वह मूल रूप से सिल्ली का निवासी है. पुलिस ने घटनास्थल से उसका मोबाइल भी जब्त किया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *