Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान चरण-VII का आयोजन 28 मई से 4 जून 2026 तक किया जाएगा. अभियान का विधिवत शुभारंभ बुधवार को जिला समाहरणालय परिसर में किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस दौरान रेड डॉट चैलेंज, गुब्बारा उड़ाकर एवं जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की गई. कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चाईबासा के कार्यपालक अभियंता ने 28 मई से 4 जून तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता की शपथ भी ली.

अभियान के संचालन के लिए डीसी ने दिये निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अभियान के सफल संचालन को लेकर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. इसके तहत 29 मई को आवास दिवस के अवसर पर माहवारी स्वच्छता शपथ, रेड डॉट चैलेंज, रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी कार्यालयों में शपथ कार्यक्रम, रैली और स्वच्छता गतिविधियां संचालित होंगी. अभियान के तहत प्रत्येक घर में बोरा एवं डस्टबिन के उपयोग को बढ़ावा देने, हो भाषा में माहवारी स्वच्छता शपथ दिलाने, “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” संदेश के साथ मटका एवं गुब्बारा अभियान चलाने, दीपक एवं कैंडल के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने, पेंटिंग प्रतियोगिता, रंगोली, वॉल पेंटिंग एवं रेड डॉट चैलेंज आयोजित करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा सभी गांवों में विशेष साफ-सफाई अभियान, जागरूकता रथ संचालन, किशोरियों के बीच गरिमा पिटारा एवं फल टोकरी वितरण, स्वयं सहायता समूहों एवं गैर सरकारी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
यह भी पढ़ें आपदा प्रबंधन को लेकर हजारीबाग उपायुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए कई निर्देश:
सभी से सहयोग की अपील
सभी जलसहियाओं को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है. अभियान का समापन 4 जून को नुक्कड़ नाटक एवं सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा. इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा. उपायुक्त ने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर जिले को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने की अपील की.
