रांची: नगर निगम शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू करने जा रहा है. इसके तहत शहर के दो प्रमुख बाजारों में नॉन वूवन कैरी बैग बनाने की यूनिट स्थापित करने की योजना तैयार की गई है.

दो बाजारों में स्थापित होगी बैग निर्माण यूनिट
नगर निगम द्वारा अटल स्मृति वेंडर मार्केट और नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट में नॉन वूवन कैरी बैग निर्माण यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है. इन यूनिटों के संचालन के लिए एरिया लेवल फेडरेशन (ALF) और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है.
बैठक में संचालन और प्रशिक्षण पर हुई चर्चा
इस संबंध में 5 मार्च 2026 को निगम के प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में यूनिट के संचालन, बैग निर्माण, बाजार में बिक्री, मांग-आपूर्ति और महिलाओं को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
महिलाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मशीनों के संचालन से पहले महिलाओं को समुचित प्रशिक्षण दिया जाए. साथ ही बैग की गुणवत्ता, बाजार में उसकी मांग तथा खर्च और आमदनी का समय-समय पर मूल्यांकन करने को भी कहा गया.
महिलाओं को मिलेगा रोजगार, प्लास्टिक का मिलेगा विकल्प
उन्होंने कहा कि DAY-NULM योजना के तहत शुरू की जा रही यह पहल महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी. साथ ही शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि नॉन वूवन कैरी बैग मजबूत होते हैं, दोबारा इस्तेमाल किए जा सकते हैं और पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प साबित होंगे. इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई भी की जा रही है.

