Ranchi: झारखंड की सियासत में इस वक्त राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां अपने चरम पर हैं. शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में एक ऐसी बैठक हुई, जिसने राज्य के सियासी पारे को अचानक बढ़ा दिया. बीजेपी को पटखनी देने और राज्यसभा की सीटों पर महागठबंधन का परचम लहराने के इरादे से कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दरबार में हाजिर हुआ. लगभग तीन घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में रणनीति तो फूलप्रूफ तैयार कर ली गई, लेकिन टिकट किसे मिलेगा इस पर सस्पेंस की धुंध अभी छंटी नहीं है,
तीन घंटे का मंथन, पर निष्कर्ष अभी बाकी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी शीरी बेला प्रसाद, तेलंगाना के डिप्टी सीएम विकमार्क भट्टी मल्लू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए. बैठक के बाद बाहर निकले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू के तेवरों से साफ था कि कांग्रेस इस बार बैकफुट पर जाने के मूड में नहीं है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में सीधे शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी को राज्यसभा सीटों पर कैसे मात दी जाए. इसके लिए जो भी जरूरी तैयारियां करनी होंगी, हम करेंगे. कांग्रेस का साफ मानना है कि एक सीट हमें मिलनी चाहिए. हालांकि, जब उनसे फैसले को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने माना कि अब तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है और सस्पेंस फिलहाल बरकरार है.|


एयरपोर्ट पर लोकल कार्ड, बाहरी उम्मीदवार को नो एंट्री
सीएम आवास पहुंचने से पहले ही कांग्रेस ने अपने इरादे साफ कर दिए थे. रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रदेश प्रभारी के. राजू ने एक बड़ा सियासी दांव चल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उम्मीदवार स्थानीय (लोकल) होगा.इस बयान के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी इस बार किसी बाहरी चेहरे को थोपने के मूड में नहीं है. के. राजू ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि महागठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा और कांग्रेस अपनी एक सीट को लेकर पूरी तरह आशान्वित है.
Also Read: पाकुड़ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को मिली राहत
रेस में ये 5 बड़े नाम
सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय उम्मीदवार के फॉर्मूले के बाद झारखंड कांग्रेस के अंदर टिकट की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। दिल्ली दरबार से लेकर रांची तक पांच बड़े दिग्गजों के नामों की चर्चा सबसे तेज है जानकारी के अनुसार कांग्रेस की ओर से राजेश ठाकुर, धीरज साहू, फुरकान अंसारी, प्रदीप बलमुचू, सुबोधकांत सहाय उम्मीदवारी की रेस में हैं.
सीएम हेमंत सोरेन के पाले में गेंद
तीन घंटे की इस बैठक ने यह तो साफ कर दिया है कि कांग्रेस अपनी एक सीट के दावे को लेकर बेहद गंभीर है. तेलंगाना के डिप्टी सीएम को रांची भेजना यह दर्शाता है कि केंद्रीय आलाकमान इस चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रहा है. अब गेंद पूरी तरह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो के पाले में है। देखना दिलचस्प होगा कि हेमंत सोरेन कांग्रेस की इस ‘लोकल’ जिद और ‘एक सीट’ के दावे पर कब और क्या फैसला सुनाते हैं। सस्पेंस बरकरार है, लेकिन सियासी बिसात बिछ चुकी है.
