Palamu: पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ पोखराहा गांव में एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में स्कूटी पर सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के ही पोखराहा गांव के स्थानीय निवासी रामरेखा पासवान के रूप में की गई है. इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के गांव में शोक की लहर है.

सुबह काम पर जा रहा था मृतक
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि रामरेखा पासवान शनिवार की सुबह अपनी स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में फोरलेन पोखराहा चौक के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.

स्थानीय लोगों ने पुलिस को किया सूचित
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामरेखा पासवान को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल इस सड़क दुर्घटना की जानकारी सदर थाना की पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए तुरंत घटनास्थल पर पहुंची.
आगे कि कार्यवाई है जारी, साथ होगी जांच
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ : रांची के सहजानंद चौक को सौन्दर्यकरण के नाम पर किया गया छोटा, अब तक काम है अधूरा
