Ranchi: राजधानी रांची के व्यस्ततम इलाकों में से एक सहजानंद चौक को सौन्दर्यकरण के नाम पर छोटा किया गया है. दो माह पहले ही सौंदर्यकरण का काम शुरू हुआ था. लेकिन अब सौंदर्यकरण का काम पूरी तरीके से ठप पड़ चुका है. सहजानंद चौक को खूबसूरत बनाने के नाम पर इसका दायरा छोटा कर दिया गया है. इस लापरवाही के कारण चौक पर प्रतिदिन जाम लग रहा है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं.
यातायात को सुचारू बनाने के लिए, चौक की डिजाइन की समीक्षा की जाए
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना सोचे-समझे चौक का आकार छोटा कर दिया गया. इसके चलते सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है. सुबह और शाम के दौरान स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. एम्बुलेंस और स्कूली बसें भी इस जाम में फंस रही हैं. लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित विभाग कछुआ गति से काम कर रहे हैं, और सुध लेने वाला कोई नहीं है. जनता ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि इस अधूरे काम को जल्द पूरा किया जाए. साथ ही, यातायात को सुचारू बनाने के लिए चौक की डिजाइन की समीक्षा की जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को सुलझाने किये लोग रांची नगर निगम के आला अधिकारियों के पास गये थे लेकिन बस उन्हें आश्वासन मिला है.

AlsoRead:बलबल गांव में पहली बार सरकारी योजनाओं की बढ़ी सक्रियता, ग्रामीणों में खुशी
