chandwa : शनिवार सुबह चंदवा के व्यस्त इंदिरा गांधी चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बालूमाथ की ओर से आ रहा कोयला लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर पहले एक ट्रक से टकराया और फिर सड़क किनारे स्थित एसके सुपर मार्ट में जा घुसा. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा काफी तेज गति में था. चौक के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद हाईवा ने एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी और सीधे दुकान में घुस गया. दुर्घटना के दौरान चौक पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. गनीमत रही कि राहगीरों और दुकानदारों की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया.
हाईवा दुर्घटना से NH-75 और NH-99 पर लंबा जाम, 3 घायल
इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे की वजह से दुकान के बाहर रखे सामान क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ. दुर्घटना के बाद एनएच-75, एनएच-99 तथा चंदवा–मैक्लुस्कीगंज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई. लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को सड़क से हटाया जा सका, जिसके पश्चात यातायात सामान्य हो पाया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों ने व्यस्त चौक पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को और सुदृढ़ करने की मांग की है.
Also Read : रांची के सहजानंद चौक को सौन्दर्यकरण के नाम पर किया गया छोटा, अब तक काम है अधूरा

