Ranchi: झारखंड की सियासत के केंद्र रांची से एक बड़ी सियासी सुगबुगाहट सामने आ रही है. ओडिशा से जेएमएम के आला पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचा, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान सुंदरगढ़ के जिला अध्यक्ष ने सीधे तौर पर आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट की मांग रख दी. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन को जेएमएम का उम्मीदवार बनाने की वकालत की है.

संगठन को मिलेगी नई ताकत
सुंदरगढ़ जिला अध्यक्ष का मानना है कि अंजली सोरेन को राज्यसभा भेजने से न सिर्फ ओडिशा में जेएमएम का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा, बल्कि वहां बिखरे हुए संगठन को एक नया और मजबूत नेतृत्व मिलेगा. ओडिशा के पार्टी पदाधिकारियों का यह रुख साफ संकेत देता है कि वे मुख्यमंत्री की बहन के चेहरे पर दांव लगाकर ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में आदिवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना चाहते हैं. सीएम आवास पर हुई इस मुलाकात के बाद अब सबकी नजरें हेमंत सोरेन के अगले सियासी कदम पर टिकी हैं.
Also Read: मानसून 2026 पर IMD की बड़ी चेतावनी, देश के कई हिस्सों में कम बारिश का अनुमान
