लातेहार पुलिस की कार्रवाई: धान की भूसी में छिपाई गई 2.5 करोड़ की अवैध विदेशी शराब जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

Latehar: जिले की पुलिस ने नशे के सौदागरों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से...

Latehar: जिले की पुलिस ने नशे के सौदागरों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है. एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चंदवा थाना क्षेत्र से पुलिस ने करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 1054 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मौके से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना और ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में पार्टनरशिप के नाम पर 8.50 लाख की ठगी का आरोप, तीन पर प्राथमिकी दर्ज

एसपी को मिली थी गुप्त सूचना

इस पूरी कार्रवाई का खुलासा करते हुए एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के अनुसार, रांची की ओर से आ रहे एक 12 चक्का बड़े ट्रक में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर चंदवा के रास्ते पलामू और गढ़वा की ओर ले जाई जा रही थी. तस्करों की इस साजिश को नाकाम करने के लिए एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया. एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चंदवा थाना पुलिस ने सासंग मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान (पिकेटिंग) शुरू किया. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और उनके ठीक पीछे चल रहे 12 चक्का ट्रक को रुकने का इशारा किया.

मवेशी चारा और एल-लाइसिन सल्फेट के बोरों में छिपाई थी शराब

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था. जब पुलिस ने ट्रक की जांच की, तो उसमें ऊपर एल-लाइसिन सल्फेट लिखे प्लास्टिक के बोरे लदे हुए थे, जिनमें मवेशी चारा और धान की भूसी भरी हुई थी, लेकिन जब पुलिस ने बोरों को हटाकर गहराई से तलाशी ली, तो नीचे विदेशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ. इसके अलावा, ट्रक के आगे एस्कॉर्ट कर रही स्कॉर्पियो और क्रेटा कारों की डिक्की से भी शराब की बोतलें बरामद की गईं.

आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू फरार

पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से पांच आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सूरज कुमार, प्रकाश कुमार रवानी, राम कुमार पाण्डेय, गौतम कुमार और छोटू कुमार यादव शामिल है. इस पूरे अवैध नेटवर्क का मुख्य सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू और ट्रक का चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: हल्की बारिश में हाईवे बना तालाब, सिंघानी में जलजमाव से राहगीर बेहाल

चंडीगढ़ से बिहार-झारखंड में खपाने की थी तैयारी

एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की यह बड़ी खेप चंडीगढ़ से लोड की गई थी. चूंकि चंडीगढ़ में शराब की कीमतें काफी कम हैं, इसलिए तस्कर इसे तस्करी कर झारखंड और विशेष रूप से ड्राई स्टेट (शराब बंदी वाले राज्य) बिहार में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि लातेहार जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *