Bundu: बुंडू थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की. मामले की जानकारी शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है.
बाइक-ट्रैक्टर चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई
पहला मामला बुंडू थाना कांड संख्या-18/26 से जुड़ा है, जिसमें मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट और चेचिस नंबर बदलकर खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी. पुलिस ने पूर्व में इस गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर नौ मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर बरामद किया था. हालांकि, एक आरोपी मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने 29 मई 2026 को फरार आरोपी लाल सिंह महली को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक आरोपी गिरफ्तार
वहीं दूसरे मामले में बुंडू थाना कांड संख्या-41/25 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2025 को मृतिका मुनिका बिरहोली कुमारी (19 वर्ष) ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी. मृतिका के पिता ने आरोप लगाया था कि प्रेमी द्वारा शादी से इनकार और मानसिक प्रताड़ना के कारण उनकी पुत्री ने आत्महत्या की. मामले में आरोपी दीपक मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
छापेमारी अभियान का नेतृत्व बुंडू थाना प्रभारी जयदेव टोप्पो ने किया. टीम में पुलिस अवर निरीक्षक रफाल प्रसाद, रंजीत कुमार महतो, नवीन कुमार, सशस्त्र बल के इंद्रदेव उरांव तथा बुंडू थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.


