Giridih:जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिक उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार शासन -प्रशासन ऑर आम नागरिकों के बीच संवाद का माध्यम
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है. इससे न केवल लोगों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान होता है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
जनता दरबार में बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड तथा जनसुविधा से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े. साथ ही उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनका नियमानुसार मौके पर ही निष्पादन किया जाए. इस दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण भी किया. जनता दरबार कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.


