Bokaro: बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह ने शुक्रवार को चिराचास थाना एवं पिंडराजोरा थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेख संधारण तथा सीरिस्ता कार्यों की गहन समीक्षा की. एसपी ने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली और कार्यशैली में सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने आम जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से समाधान सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत हो.
हफ्ते में एक दिन थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों, वारंट, इस्तेहार एवं कुर्की मामलों की भी समीक्षा की गई. एसपी ने सभी मामलों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी. वहीं पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा. इसके अलावा प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन अनिवार्य रूप से “थाना दिवस” आयोजित कर जनता की समस्याएं सुनने का निर्देश दिया गया.

यह भी पढ़ें: अंधेरे से मिली राहत, चाईबासा के ओलानिया गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर
