Chaibasa: जिले के चक्रधरपुर के केरा क्षेत्र स्थित खादी भंडार आम बगान में युवा कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी की संगठनात्मक बैठक विधानसभा अध्यक्ष प्रतीक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विजय सामड और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर चर्चा
बैठक में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में सभी पंचायतों में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ मनरेगा कानून एवं पेशा कानून को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

युवाओं की टीम करेगी योजनाओं की निगरानी
बैठक में निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं की निगरानी के लिए पंचायत स्तर पर युवाओं की टीम गठित की जाएगी, जो योजनाओं पर नजर रखेगी.
पंचायत चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय रहने की अपील
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विजय सामड ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय रहने की जरूरत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एसआईआर और जनगणना प्रक्रिया में आम जनता की मदद करने की अपील की, ताकि किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से न कटे.
पेशा कानून और युवाओं के मुद्दे पर चर्चा
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार ने पेशा कानून लागू कर ग्रामसभा और स्वशासन व्यवस्था को मजबूत किया है. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी और युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करेगी.
उन्होंने केंद्र सरकार पर विद्यार्थियों और युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं.
बैठक में युवा कांग्रेस नेता राजू कायम, मुंगालाल सरदार, राहुल बोयपाई, युधिष्ठिर प्रधान, रघुनंदन प्रधान, गोविंद प्रधान, सापू मंडल, भोलेनाथ बोदरा, संजीत बांकिया, पंकज संवैया, निरंजन खंडाईत, विजय बोदरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
