Bokaro: जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के संथालडीह मोड़ स्थित स्किल ट्रेनिंग सेंटर एनजीओ ‘शिक्षा एवं कल्याण समिति’ के कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं का फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी की मौजूदगी में पुलिस ने छापेमारी कर लैपटॉप, प्रिंटर, तीन फर्जी आधार कार्ड और अन्य सामान जब्त किया.
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में एनजीओ संचालक प्रदीप कुमार कसेरा, निवासी पिंड्रा वाराणसी, थाना फूलपुर, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश), धर्मेन्द्र कुमार, निवासी मोनिया बोधगया, थाना बोधगया, जिला गया (बिहार) तथा धनबाद के सिंदरी निवासी नरेन्द्र कुमार शामिल हैं.

फर्जी पहचान पत्र पर परीक्षा दिलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार गुरुवार को कौशल विकास प्रशिक्षण के बाद युवाओं की परीक्षा आयोजित की जा रही थी. आरोप है कि युवकों की फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड बनाए गए और उन्हीं फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर परीक्षा में बैठने का दबाव बनाया गया. इसका युवाओं ने विरोध किया.
SP के निर्देश पर छापेमारी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी को भी प्रतिनियुक्त किया गया.
ये सामान हुए जब्त
पुलिस ने मौके से लेनेवो कंपनी का लैपटॉप, कैनन कंपनी का प्रिंटर, भागीरथ प्रमाणिक, प्रेमचंद हांसदा और सुधीर किस्कू के नाम से बने कथित फर्जी आधार कार्ड, ओप्पो, वीवो और वनप्लस कंपनी के मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार, मुन्ना रमानी, वीरमणि, सचिन रौशन, दिलीप टुडू समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
