Ranchi: जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल की कमी को लेकर छात्रों का गुस्सा आज नेपाल हाउस तक पहुंच गया. छात्र और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के बाहर जुटे और जल्द समाधान की मांग की. प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने छात्रों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
अस्थायी आवास की मांग
छात्रों ने मंत्री को बताया कि कॉलेज में मेडिकल सीटें बढ़ने के बावजूद हॉस्टल की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है. इसका असर यह है कि बड़ी संख्या में छात्र और पैरामेडिकल कर्मी मजबूरी में निजी किराये के कमरों में रह रहे हैं. उन्होंने मांग की कि जब तक नया हॉस्टल तैयार नहीं हो जाता, तब तक सरकार अस्थायी आवास की व्यवस्था करे.
स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही MGM मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक से फोन पर बात की और पूरी स्तिथि की जानकारी ली
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही MGM मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक से फोन पर बात की. उन्होंने हॉस्टल की समस्या पहले से विभाग के संज्ञान में नहीं लाए जाने पर नाराजगी जताई और पूरी स्थिति की जानकारी मांगी. अधीक्षक ने बताया कि मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी के कारण छात्रों की संख्या बढ़ गई है, जबकि मौजूदा हॉस्टल की क्षमता सीमित है. उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज परिसर में नया हॉस्टल बनाने के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं है.

जल्द कार्यवाई का दिया आश्वासन
इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अधीक्षक को हॉस्टल से जुड़ी सभी आवश्यकताओं का विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया. साथ ही छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और हॉस्टल सुविधा बढ़ाने की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी.
