Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने झारखंड की हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए हैं. राज्य में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है और लूट-खसोट सरकार की पहचान बन गई है. अविनेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में विकास योजनाओं से लेकर आम जनता से जुड़े कार्यों तक में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा कि मईया सम्मान योजना के सत्यापन, मनरेगा कार्यों और जमीन म्यूटेशन जैसे मामलों में भी अनियमितताओं की बातें सामने आई हैं. उन्होंने दावा किया कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय केवल दिखावटी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: पेयजल संकट पर फॉरवर्ड ब्लॉक का डीसी कार्यालय घेराव, 10 दिनों में जलापूर्ति बहाल करने का मिला आश्वासन

वित्तीय गड़बड़ी में क्या कार्रवाई हुई?
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में ट्रेजरी घोटाला, ऊर्जा विभाग से करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी और अन्य मामलों की जांच की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. उन्होंने सवाल उठाया कि इन मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई? भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पारदर्शिता का अभाव है. लगातार सामने आ रही वित्तीय अनियमितताओं और घोटालों की खबरों से जनता का विश्वास सरकार और प्रशासन से उठता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 26 साल बाद भी तय नहीं कि झारखंडी कौन?’: खतियानी परिवार ने स्थानीय नीति पर उठाए बेहद तीखे सवाल
जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही
अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही कमजोर हुई है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है. उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के लिए आवंटित धन का सही उपयोग नहीं हो रहा और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. बीजेपी प्रवक्ता ने मांग की कि विभिन्न विभागों में सामने आए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं करती है तो भारतीय जनता पार्टी राज्यव्यापी जनआंदोलन चलाने को बाध्य होगी.
