Ranchi: श्रमिक वर्ग के अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के संकल्प के साथ अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव हुआ है. लोहरदगा के किस्को प्रखंड स्थित स्कूल मैदान में आयोजित इंटक के राष्ट्रीय महाधिवेशन में पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धीरज प्रसाद साहू को सर्वसम्मति से संगठन का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

यह भी पढ़ें: ATM लूटकांड का फरार आरोपी रिजवान अंसारी गिरफ्तार, मुंबई से लौटते ही पुलिस ने दबोचा
मजदूरों के हक की लड़ाई होगी तेज
महाधिवेशन की डेलीगेट बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की सुरक्षा, रोजगार गारंटी और आर्थिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की. नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा मजदूर देश के विकास की रीढ़ हैं. आज श्रमिक वर्ग जिन चुनौतियों से जूझ रहा है, उनके खिलाफ इंटक राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से आवाज उठाएगा. हमारा मुख्य उद्देश्य हर मजदूर को सामाजिक सुरक्षा और न्याय दिलाना है.
इन्होंने भी रखे अपने विचार
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू ने संगठनात्मक एकता पर जोर दिया, जबकि लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के बिना मजबूत अर्थव्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने विश्वास जताया कि धीरज साहू के नेतृत्व में संगठन नए आयाम छुएगा. इससे पूर्व, इंटक अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने संगठन की आगामी कार्ययोजना पेश की और कोषाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग ने वित्तीय ब्यौरा प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का समापन कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
