उपायुक्त ने जिला जल एवं स्वच्छता समिति का किया बैठक 

Bokaro : बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई. बैठक में वार्षिक कार्ययोजना...

Bokaro : बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई. बैठक में वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की समीक्षा करते हुए शौचालय निर्माण, स्वच्छता अभियान, सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास तथा अन्य योग्य लाभार्थियों के घरों में शौचालय निर्माण पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और ग्राम स्तर पर कार्यरत संस्थाओं के साथ विलेज वाटर एंड सैनिटेशन कमेटी (वीडब्ल्यूएससी) के बेहतर समन्वय के माध्यम से शतप्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

स्वच्छता अभियान में बीडीओ और पंचायत सचिव की भूमिका होगी तय

उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को प्रखंड स्वच्छता पदाधिकारी नामित किया गया है. उन्होंने इनकी भूमिका स्पष्ट रूप से रेखांकित करने को कहा. संबंधित पदाधिकारियों को पंचायत सचिवों की जिम्मेदारियां तय करने तथा क्लस्टरवार प्वाइंट चिन्हित कर कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

फाइव स्टार ग्रामों का पुनः सर्वे कर दूर करें कमियां

बैठक में फाइव स्टार श्रेणी के लिए चयनित ग्रामों का पुनः सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया गया. उपायुक्त ने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के (प्रपत्र – चार) अनुरूप ग्रामों का आकलन कर आवश्यक कमियों को दूर करने का निर्देश दिया, ताकि स्वच्छता संबंधी मानकों को पूरी तरह पूरा किया जा सके.

मुखिया के अध्यक्षता में पंचायत स्तरीय समितियों का होगा गठन

उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी सफीक आलम को पंचायत स्तर पर मुखिया के अध्यक्षता में समितियों का गठन करने का निर्देश दिया. इन समितियों में अलग – अलग वार्ड सदस्यों को पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े प्रभारी नामित करने को कहा। साथ ही, मुखिया को प्रत्येक माह सभी प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित कर पंचायत क्षेत्र का समीक्षा करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को अगले सप्ताह से पूर्व पंचायत स्तर पर सभी प्रभारी पदाधिकारियों को नामित करना सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने बताया कि आगामी शनिवार को जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी पंचायत क्षेत्रों का दौरा कर मुखिया एवं प्रभारी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और प्रगति की समीक्षा करेंगे.

सामुदायिक मॉडल शौचालय निर्माण के लिए भूमि चिन्हित होगी

बैठक में सामुदायिक मॉडल शौचालय निर्माण को लेकर आवश्यक भूमि चिन्हित करने पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंताओं के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया.

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना की दिशा में पहल

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 03-04 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना के लिए विभागीय स्तर पर पत्राचार करने का चास – तेनुघाट कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता को निर्देश दिया. साथ ही, सभी अंचलाधिकारियों से समन्वय कर उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को कहा. बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता राम प्रवेश राम एवं चंदन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी – कर्मी उपस्थित थे.

Also Read : अब कोडरमा के SP खुद पहुंचेंगे थानों में, गांव-गांव सुनेंगे जनता की समस्याएं

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *