Koderma: पुलिस अधीक्षक, कोडरमा को कार्यालय में मिलने आ रहे विभिन्न फरियादियों से बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि जिले के दूर-दराज थाना क्षेत्रों जैसे सतगांवा, मरकच्चो, जयनगर आदि के सुदूरवर्ती गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर एसपी कार्यालय पहुंचते हैं. इनमें कई फरियादी गरीब तबके से होते हैं, जो बस और ऑटो से छोटे बच्चों के साथ लंबी दूरी तय कर आते हैं.

सुबह घर से निकलकर शाम तक वापस लौटने में उन्हें आर्थिक परेशानी, तेज धूप और बारिश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. साथ ही उनका पूरा दिन और आजीविका भी प्रभावित होती है. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक, कोडरमा ने निर्णय लिया है कि अब आम जनता को एसपी कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि पुलिस अधीक्षक स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे.
विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगेगी जनसुनवाई
थाना में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे. पुलिस अधीक्षक, कोडरमा द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम की तिथिवार सूची इस प्रकार है:-
| क्र० | तिथि | समय | थाना |
|---|---|---|---|
| 1 | 04.06.2026 (बृहस्पतिवार) | 11:30 पूर्वाह्न | सतगांवा थाना |
| 2 | 11.06.2026 (बृहस्पतिवार) | 11:30 पूर्वाह्न | मरकच्चो थाना |
| 3 | 18.06.2026 (बृहस्पतिवार) | 11:30 पूर्वाह्न | जयनगर थाना |
ALSO READ: पढ़ाई छोड़ने पर परिजनों की डांट से आहत किशोर ने लगाई फांसी, मौत
इसी प्रकार आगे भी प्रत्येक सप्ताह पुलिस अधीक्षक, कोडरमा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे. अगली जनसुनवाई कार्यक्रम की जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
