Bokaro: रविवार को आयोजित होने वाली बीएड, एमएड एवं बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. जिले में परीक्षा के लिए कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,322 परीक्षार्थी शामिल होंगे.

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा संचालन के दौरान झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सीसीटीवी निगरानी और मोबाइल उपयोग पर सख्ती
उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा कक्ष में प्रतिनियुक्त शिक्षक आपस में अनावश्यक बातचीत नहीं करेंगे. सभी गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्र अधीक्षक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल फोन उपयोग की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने ओएमआर शीट की सुरक्षित प्राप्ति और परिवहन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्धारित समय पर ट्रेजरी पहुंचने को कहा गया.
ALSO READ: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत गम्हरिया में 13 यूनिट बकरी पालन परिसंपत्तियों का वितरण
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शफीक आलम, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगन्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारी उपस्थित थे.
