Ranchi: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आज रांची में तंबाकू सेवन के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया. इस वर्ष दिवस की थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत के पीछे छिपे सच को उजागर करना” रखी गई है. इसी क्रम में रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के विद्यार्थियों ने शहर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराया.

एनएसएस विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर और संदेश लेकर लोगों को तंबाकू से दूरी बनाने का आह्वान किया. इस दौरान युवाओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया.
तंबाकू से होने वाली बीमारियों पर जताई चिंता
प्रतिभागियों ने बताया कि सिगरेट, गुटखा, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पाद धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं, जिससे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां और उच्च रक्तचाप जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि तंबाकू की बढ़ती लत को रोकने के लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है.
स्कूल-कॉलेजों के आसपास बिक्री पर उठाए सवाल
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर चिंता व्यक्त की. उनका कहना था कि स्कूलों और कॉलेजों के निकट ऐसी दुकानों की मौजूदगी युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकती है. छात्रों ने सरकार से इन क्षेत्रों को तंबाकू मुक्त घोषित करने और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की.
