Simdega : सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत बिंतुका पंचायत के टूरियो गांव में जहरीले सांप के काटने से 12 वर्षीय जगदीश सिंह की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है मृतक के वृद्ध पिता बिरसा सिंह ने बताया कि जगदीश बीती रात खाना खाकर अपने घर में सोया हुआ था. देर रात करीब 1 बजे उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया, सांप के काटते ही जगदीश की नींद खुल गई और उसने अपने पिता को इसकी जानकारी दी.

पहले बानो अस्पताल, फिर सदर अस्पताल रेफर
परिजनों ने बिना देर किए किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बानो पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सिमडेगा सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार सुबह करीब 8 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पिता बिरसा सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा दिव्यांग है और खाट पर ही रहता है. एक बेटी की शादी हो चुकी है. जगदीश ही परिवार का एकमात्र स्वस्थ और कामकाज में हाथ बंटाने वाला बेटा था. उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. जगदीश की मौत से टूरियो गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया है. वहीं परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
Also Read : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रांची में जागरूकता अभियान, छात्रों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
