रसूखदारों के गुर्गे होने का धौंस, पुलिस पर भी रांची में हो रहे हैं लगातार हमले

Ajay Dayal Ranchi: राजधानी में रसूखदारों के गुर्गे होने का धौंस दिखाकर कुछ युवक पुलिसवालों को अपना निशाना बना रहे हैं. पुलिस...

Ajay Dayal

Ranchi: राजधानी में रसूखदारों के गुर्गे होने का धौंस दिखाकर कुछ युवक पुलिसवालों को अपना निशाना बना रहे हैं. पुलिस वाले अपनी नौकरी बचाने के लिए उनका धौंस सह लेते हैं. कई बार पुलिस वाले उन पर कार्रवाई करने की सोचते भी हैं तो उन रसुखदारों का फोन बजने लगता है . इस वजह से गलती करने वाले पर कार्रवाई करने के पहले ही गलती करने वालों को छोड़ना पड़ता है. इससे वैसे लोगों का मनोबल बढ़ता है.

रसूख के सियासी गलियारों से निकली धौंस और रसूखदारों की वर्दहस्त में पल रहे गुर्गों की बदजुबानी आज राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है, जहां हर चौक-चौराहे पर फर्ज निभाते पुलिसकर्मियों पर हमले और वर्दी उतरवा लेने की धमकियां अब आम बात हो चुकी हैं.

नियम तोड़ने वाले रसूखदारों के आगे अपनी नौकरी और साख बचाने की कशमकश में उलझी पुलिस बेबस नजर आती है. और जब कभी कानून के हाथ इन रसूखदारों के गिरेबान तक पहुंचने की जहमत उठाते भी हैं, तो सत्ता के शीर्ष से घनघनाते फोन मंत्रियों और अफसरों की पैरवी बनकर खाकी के हौसलों को पस्त कर अपराधियों का मनोबल बढ़ा रही है. ऐसे में सड़क पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस भले ही आज बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस होकर सबूत जुटाने में लगी है, लेकिन जब तक राजनीतिक रसूख की इस ढाल को तोड़ा नहीं जाता, तब तक राजधानी की सड़कों पर कानून का खौफ नहीं दिखेगा. हालांकि कई मामलों में रांची पुलिस ने कुछ रसुखदारों पर कार्रवाई भी की है.

केस स्टडी-वन (23 मई 2026)

धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित प्रभात तारा मैदान में शनिवार 23 मई की सुबह आपसी रंजिश में कुछ युवकों ने एक युवक को घर से जबरन उठाकर मैदान में ले जाकर लोहे की रॉड से पीटा था. उसे बचाने पहुंची पुलिसकर्मियों को उन युवकों ने वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली. बाद में तीन युवकों में से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया.

केस स्टडी-दो (25 मई 2026)

लालपुर चौक पर नशे में टोटो चालक ने सिग्नल तोड़कर ट्रैफिक पोस्ट को टक्कर मार दी थी. बात करने पर महिला पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार करते हुए सहयोगी पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ लिया. उस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई. टोटो चालक ने लालपुर चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा किया था. ऑन-ड्यूटी महिला पुलिसकर्मी समेत दो ट्रैफिक जवानों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई. उसके पीछे भी किसी रसूखदार का हाथ था. हालांकि बाद में टोटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.

केस स्टडी-तीन (9 जून 2025)

कटहल मोड़ के पास एक ऑटो चालक के साथ हुए विवाद में एक ट्रैफिक जवान के सिर पर ईंट के टुकड़े से वार किया गया था. वार ऑटो चालक के सहयोग में आए युवक ने किया था. इस घटना में ट्रैफिक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी जान पर बन आई थी. लेकिन रांची पुलिस के सहयोग और समय पर इलाज से उसकी जान बच गई थी.

ALSO READ: पलामू : शिक्षक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पर हमलों की प्रमुख घटनाएं

1. पंडरा ओपी हमला (21 सितंबर 2025)

एक दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने पंडरा ओपी पर हमला कर दिया. थाने में तोड़फोड़ की गई, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

2. जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र (जुलाई 2025)

धुर्वा स्थित पुराना विधानसभा मैदान के पास नशे में धुत आरोपियों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और पीसीआर वैन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

3. लापुंग थाना क्षेत्र (जून 2025)

लापुंग में अतिक्रमण हटाने और विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किया गया, जिसमें थाना प्रभारी और कई पुलिस जवान घायल हो गए.

4. बेड़ो थाना (जून 2025)

बिना प्रशासनिक अनुमति के महादानी मैदान में अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 250 लोगों ने बेड़ो थाने पर हमला कर दिया. धक्का-मुक्की में थाना प्रभारी को चोटें आईं.

5. चुटिया थाना क्षेत्र (दिसंबर 2024)

चुटिया थाना इलाके में एक व्यक्ति को पकड़ने गए आरक्षी अनिल चंद्रा साहा पर एक आरोपी ने डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *