Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रविवार को
हिनू स्थित सब-रजिस्ट्री ऑफिस (निबंधन कार्यालय) के ठीक सामने बने हनुमान मंदिर के मुख्य गेट पर एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया. मंदिर के गेट पर युवक को फंदे से झूलता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक युवक की पहचान सोनू कुमार (पिता रमेश लोहरा ) के रूप में हुई है. वह लोअर हिनू का रहने वाला है. जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर स्थानीय लोग की नजर हनुमान मंदिर के लोहे के गेट पर पड़ी. वहां एक अज्ञात युवक का शव फंदे के सहारे लटका हुआ था. स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना डोरंडा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही डोरंडा थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस आसपास के लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर युवक की शिनाख्त की है. प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है.

