विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने ली तंबाकू मुक्त समाज निर्माण की शपथ

Pakur: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने...

Pakur: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस. के. झा, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. मिमी खातून सहित एएनएम, जीएनएम एवं सहिया कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.

इस अवसर पर उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू सेवन छोड़ने, समाज को तंबाकू एवं धूम्रपान की लत से बचाने, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा तंबाकू जनित रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित कराने की शपथ ली.

तंबाकू सेवन को बताया गंभीर खतरा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है, जबकि तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ धीरे-धीरे व्यक्ति को गंभीर बीमारियों की ओर धकेल देते हैं.

उन्होंने कहा कि आज तंबाकू सेवन और धूम्रपान युवाओं के बीच एक फैशन के रूप में तेजी से फैल रहा है, जो उनके भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. तंबाकू सेवन के कारण होने वाले कैंसर का उपचार अत्यंत कठिन और महंगा होता है. कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इलाज कराना संभव नहीं हो पाता, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता है.

ALSO READ: हजारीबाग के सतेधिरी जंगल में पत्थर पर बनी ‘सप्तनाग’ की आकृति, आस्था और विज्ञान के बीच छिड़ी चर्चा

जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

वहीं जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस. के. झा ने कहा कि वर्तमान समय में सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है. बाजारों में इनकी आसान उपलब्धता लोगों को नशे की ओर आकर्षित कर रही है. उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन के कारण ओरल कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे व्यक्ति का चेहरा एवं मुख गंभीर रूप से प्रभावित होता है.

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों एवं युवाओं को नशाखोरी, धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रखने के लिए विशेष प्रयास करें. जन-जागरूकता कार्यक्रमों, नियमित काउंसलिंग एवं प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा. इस दौरान प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *